उत्तर प्रदेश के मथुरा में विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी महाराज का प्रकट उत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। लाखों की संख्या में भक्त मंदिर पहुंचे। इस दौरान वृंदावन के निधिवन मंदिर में ठाकुर बांके बिहारी महाराज के प्राकट्य स्थल का महाअभिषेक किया गया।

विश्व विख्यात ठाकुर बांके बिहारी महाराज आज 481 वर्ष के हो गए। आज ही के दिन स्वामी हरिदास महाराज ने अपनी संगीत साधना के माध्यम से ठाकुर बांके बिहारी महाराज को प्रकट किया था और तभी से ठाकुर बांके बिहारी महाराज का प्रकटोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है।

आज ठाकुर बांके बिहारी महाराज के 481वें जन्मोत्सव पर पूरे शहर को सजाया गया तथा मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य शोभायात्रा निकाली गई।

शोभा यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का हुजूम

आज सबसे पहले ठाकुर बांके बिहारी महाराज के प्राकृतिक महोत्सव पर वृंदावन के निधिवन मंदिर पहुंचे, जहां ठाकुर बांके बिहारी महाराज ने दर्शन दिए। उस स्थान पर सैकड़ों लीटर पंचामृत से अभिषेक किया गया और हजारों की संख्या में श्रद्धालु वहां पहुंचे। सभी श्रद्धालुओं ने ब्रह्म मुहूर्त में किए गए अभिषेक का आनंद लिया। उसके बाद आरती की गई और फिर भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया गया।

भक्ति में डूबे नजर आए श्रद्धालु

जानकारी के अनुसार ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में बधाई देने के लिए भव्य जुलूस जाता है। निधिवन मंदिर से ठाकुर बांके बिहारी मंदिर तक बधाई देने के लिए सभी लोग जुलूस में जाते हैं। जिसमें श्रद्धालु नाचते-गाते और भजन गाते हुए चलते हैं। आज हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने इस बधाई जुलूस में भाग लिया और ठाकुर बांके बिहारी महाराज के दर्शन किए और उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर को भी पीले रंग के गुब्बारों और अन्य सामग्रियों से सजाया गया था।

आज इस पावन पर्व पर मथुरा वृंदावन विधायक श्रीकांत शर्मा और मथुरा सांसद हेमा मालिनी भी ठाकुर बांके बिहारी मंदिर पहुंचीं। जहां सांसद हेमा मालिनी ने ठाकुर बांके बिहारी महाराज की पूजा-अर्चना कर अपनी मनोकामना मांगी। साथ ही गोस्वामी समाज ने उनका स्वागत किया।

Spread the love